वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती रविवार को समाजवादी पार्टी द्वारा पीडीए दिवस के रूप में मनाई गई। आफिसर्स क्लब के सभागार में सपा जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि 15 मार्च 1934 को पंजाब के रूपनगर जिले में जन्मे कांशीराम ने भारतीय राजनीति में दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती दी। उन्होंने सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा दी और समाज के शोषित वर्गों को संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया।
विधायक महेन्द्रनाथ यादव, पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, राजेन्द्र प्रसाद चौधरी और कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’ ने कहा कि कांशीराम ने सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय की राजनीति के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। वक्ताओं ने यह भी कहा कि समाजवादी आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कांशीराम को इटावा से सांसद बनने का अवसर देकर सामाजिक न्याय की राजनीति को नई मजबूती दी थी।
इस अवसर पर अंकुर गौतम, पंकज निषाद, अनिल निषाद, हरीश गौतम, संजय गौतम, रजनीश यादव, आर.डी. निषाद, हरेश्याम विश्वकर्मा, राजेन्द्र चौरसिया, सीताराम चौरसिया, जावेद पिण्डारी, मो. स्वालेह, दयाशंकर मिश्र, बुद्धिसागर, गीता भारती सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment