बस्ती। मंगलवार को आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुलिस उपनिरीक्षक अजय गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने, परिजनों को आर्थिक सहायता तथा अनुकम्पा लाभ देने की मांग की गई।
पांच सूत्रीय मांग पत्र में कहा गया कि उपनिरीक्षक अजय गौड़ की मृत्यु के पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। जांच के दौरान किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति या अधिकारी के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा एकमुश्त आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए तथा शासन के नियमानुसार अनुकम्पा नियुक्ति, पेंशन, बीमा राशि एवं अन्य देय सेवा लाभ शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं।
ज्ञापन देने के बाद जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा ने बताया कि थाना परशुरामपुर में तैनात देवरिया जनपद निवासी 2015 बैच के उपनिरीक्षक अजय गौड़ फरवरी 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। 9 फरवरी 2026 को उनका शव जनपद अयोध्या में सरयू नदी में उतराता हुआ पाया गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप जायसवाल ने घटना को अत्यंत दुखद, चौंकाने वाली और गंभीर संदेह उत्पन्न करने वाली बताते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग की। ज्ञापन देने वालों में चंद्रभान कनौजिया, शेषपाल चौधरी, उमेश कुमार शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment