वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भारत सरकार के युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय तथा पुलिस महानिदेशक, लखनऊ के निर्देशन में संचालित स्टूडेंट पुलिस अनुभवात्मक शिक्षण (एसपीईएल) विद्यार्थी पुलिस अनुभवात्मक सिखलाई कार्यक्रम के तृतीय चरण के प्रशिक्षण के अंतर्गत 22 फरवरी 2026 को मिशन शक्ति थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कानून व्यवस्था की बारीकियों, थाना स्तर पर होने वाली कार्यवाही तथा पुलिस की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों जैसे वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एंबुलेंस सेवा-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023—की प्रमुख धाराओं की भी जानकारी दी गई। साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर विशेष बल दिया गया। विद्यार्थियों को साइबर ठगी, डिजिटल गिरफ्तारी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, एकमुश्त पासवर्ड (ओटीपी) चोरी, एकीकृत भुगतान अंतरफलक (यूपीआई) ठगी तथा साइबर बुलिंग जैसी घटनाओं से सतर्क रहने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से बालिकाओं को पुलिस व्यवस्था, उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं नई ऊर्जा का संचार हुआ।

No comments:
Post a Comment