अलीगढ़। अलीगढ़ महानगर के गांधीपार्क इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुद की शादी के अगले ही दिन एक दूल्हा कथित तौर पर डांसर के प्रेम जाल में फंस गया और अब वह उसी के साथ लापता है। नई नवेली दुल्हन ने पति की अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर मदद की गुहार लगाई है।
- शादी के जश्न में शुरू हुई कहानी
अचल रोड स्थित सराय इंतजाम अली निवासी बिलाल की शादी 3 दिसंबर को गाजियाबाद की युवती से हुई थी। 4 दिसंबर को घर में बहन की शादी से पहले हल्दी-मेहंदी का कार्यक्रम था। इसी कार्यक्रम में शाहजमाल क्षेत्र में रहने वाली, मूल रूप से सादाबाद (हाथरस) की एक डांसर को बुलाया गया था।कार्यक्रम के बाद देर रात बिलाल उसे घर छोड़ने गया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच फोन नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत शुरू हो गई।
- नशा, वीडियो और ब्लैकमेल का आरोप
परिवार का आरोप है कि डांसर ने बिलाल को अपने पास बुलाकर नशा कराया और बिना सहमति संबंध बनाकर उसका वीडियो बना लिया। बाद में उसी वीडियो के आधार पर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि बिलाल मानसिक रूप से टूट गया था और उसने आत्महत्या तक का प्रयास किया।परिवार का दावा है कि जब उन्होंने डांसर से बात की तो उसने 10 लाख रुपये की मांग की और रकम न मिलने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
- जयपुर होटल से मिला वीडियो
अब पिछले कई दिनों से बिलाल और कथित डांसर दोनों लापता हैं। परिजनों को एक वीडियो मिला है, जो कथित तौर पर जयपुर के किसी होटल का बताया जा रहा है। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित डांसर पहले भी युवकों को फंसाकर गंभीर मामलों में शामिल रही है, यहां तक कि एक युवक की हत्या के मामले में उसका नाम सामने आया था, जिसका मुकदमा न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है।
- पुलिस क्या कहती है?
राजवीर सिंह परमार, एसएचओ गांधीपार्क के अनुसार, अभी तक औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस सनसनीखेज प्रकरण ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। नई दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पुलिस से युवक की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगा रहा है।
No comments:
Post a Comment