बस्ती। गोटवा कस्बे के निकट बढ़नी मिश्र गांव स्थित महर्षि वशिष्ठ आश्रम में 18 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाली श्री वशिष्ठ रामायण कथा के निमित्त सोमवार को कथास्थल का विधि-विधान से भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य यजमान भागवत प्रसाद मिश्र, कपीश मिश्र व श्रीमती ऊषा मिश्र के साथ अयोध्या धाम के महापौर एवं तीन कलश मंदिर के महंत गिरिजेश पति त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन एवं हवन कर आयोजन का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर सत्यनारायण मिश्र, साधना मिश्र, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’, श्रीमती मंजू पाण्डेय सहित अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गिरिजेश पति त्रिपाठी ने कहा कि महर्षि वशिष्ठ की यह पावन भूमि अब देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र बनती जा रही है। बस्ती जनपद ने दुनिया को भगवान राम दिए और गुरु वशिष्ठ ने उन्हें शिक्षा देकर मर्यादा पुरुषोत्तम बनाया। अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर की स्थापना के बाद गुरु वशिष्ठ की धरती का महत्व कई गुना बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र के विकास की असीम संभावनाएं जुड़ी हैं।
आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए मुख्य सेवादार राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि 11 फरवरी को प्रातः 9 बजे वशिष्ठ आश्रम से आमंत्रण रथयात्रा निकाली जाएगी, जो अयोध्या पहुंचेगी। वहां भगवान राम के परिवार सहित अन्य विशिष्ट जनों को कथाश्रवण हेतु आमंत्रित किया जाएगा। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भगवान राम के परिवार की ओर से आमंत्रण स्वीकार करेंगे।
उन्होंने बताया कि पूरा आयोजन अत्यंत दिव्य और भव्य होगा, जिसकी सफलता के लिए सैकड़ों सेवादार मनोयोग से लगे हुए हैं। भूमि पूजन के उपरांत कलाकारों द्वारा मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन मयंक श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश मिश्र, गुरूदत्त मिश्र, संतोष मिश्र, विजय मिश्र, राकेश मिश्र, पंडित सरोज कुमार मिश्र, अभिषेक पाण्डेय, चन्द्रमणि मिश्र, आशीष सिंह, कैलाश मोहन श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, रणजीत सिंह, श्रुति अग्रहरि, धीरज सरीन सहित क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment