वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। होली पर्व के मद्देनज़र आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मेहदावल तहसील क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 सतीश कुमार के निर्देशन एवं नेतृत्व में टीम ने मेहदावल स्थित मंगलम स्वीट्स पर औचक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान से खोया एवं पनीर के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। इस प्रकार कुल दो नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। संग्रहित नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में दिलीप स्वीट्स, मेहदावल का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर संचालक को नोटिस जारी की गई। अभियान के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रीलाल तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
वहीं खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से बखिरा कस्बे के विभिन्न मिठाई विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से नमूनों की मौके पर जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों के नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए, उन्हें चेतावनी देते हुए भविष्य में सीमित अथवा कम रंग का प्रयोग करने तथा एल्यूमिनियम वर्क का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य कारोबारकर्ताओं को यह भी हिदायत दी गई कि शीघ्र खराब होने वाली मिठाइयों का उत्पादन मांग के अनुरूप ही करें, ताकि बासी खाद्य पदार्थों की बिक्री न हो। साथ ही किराना व्यापारियों से अपील की गई कि वे वैध लाइसेंस एवं बिल-इनवॉयस के साथ ही व्यापार करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment