<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, February 6, 2026

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 8 से 10 जून तक, ओएमआर शीट पर होगी लिखित परीक्षा


लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के तहत प्रस्तावित 32,679 पदों के लिए लिखित परीक्षा आगामी 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पूरी तरह ओएमआर आधारित होगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया और ओएमआर उत्तर पत्रक भरने से संबंधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
भर्ती बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार लिखित परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 300 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है, जिसमें अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र हल करना होगा।
चार विषयों से पूछे जाएंगे प्रश्न
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि प्रश्न पत्र में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता, साथ ही मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि और तार्किक क्षमता से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक प्रदान किए जाएंगे।
न्यूनतम अर्हता अंक तय
लिखित परीक्षा में सफल होने के लिए श्रेणीवार न्यूनतम अर्हता अंक निर्धारित किए गए हैं। अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए यह सीमा 25 प्रतिशत तय की गई है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 20 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।
ओएमआर भरने में लापरवाही पड़ी भारी
भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ओएमआर उत्तर पत्रक भरते समय किसी भी प्रकार की गलती के लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होगा। उत्तर पत्रक पर निर्धारित स्थान के अतिरिक्त कहीं भी कुछ लिखने या कोई अतिरिक्त निशान लगाने पर ओएमआर शीट को अमान्य घोषित कर दिया जाएगा।
छह पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा तीन दिनों में कुल छह पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली का प्रश्न पत्र अलग होगा। विभिन्न पालियों के बीच समानता बनाए रखने के लिए अंकों का प्रसामान्यीकरण (नार्मलाइजेशन) निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
त्रुटिपूर्ण प्रश्न होंगे निरस्त
यदि किसी प्रश्न या उसके उत्तर विकल्प में त्रुटि पाई जाती है तो उस प्रश्न को निरस्त कर दिया जाएगा। निरस्त प्रश्न के अंकों का वितरण इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जाएगा।भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों और विस्तृत जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages