बस्ती। तहसील रुधौली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन ने जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण का स्पष्ट संदेश दिया। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 53 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील दिवस आमजन को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व के सर्वाधिक 30 मामले
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 30 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग के 7, पुलिस के 5, विकास के 2, वन विभाग का 1 तथा पीडब्ल्यूडी, कृषि, समाज कल्याण और नगर पंचायत के 2-2 मामले सामने आए। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा तय कर निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि गंभीर मामलों में अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतकर्ता को निस्तारण की सूचना समय से उपलब्ध कराएं, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और जनता का प्रशासन पर विश्वास सुदृढ़ हो।
न्यायालय परिसर व नगर पंचायत का औचक निरीक्षण
समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने तहसील रुधौली स्थित न्यायालय परिसर का औचक निरीक्षण कर लंबित वादों, अभिलेखों के रख-रखाव एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। वादों के समयबद्ध निस्तारण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत नगर पंचायत रुधौली कार्यालय का निरीक्षण कर कर वसूली, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment