नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में एच.सी.एल. ग्रुप और फाक्सकान के संयुक्त उद्यम इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड की आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट सुविधा की आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर प्लांट की आधारशिला आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रखी गई है। उन्होंने बताया कि इस प्लांट से प्रतिमाह 3 करोड़ 60 लाख चिप्स का उत्पादन होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 11.5 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में एक पावरहाउस के रूप में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि जहां पहले देश में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग नगण्य थी, वहीं आज यह 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है और भारत से होने वाले कुल निर्यात में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग तीसरे स्थान पर है।
श्री वैष्णव ने कहा कि देश के 50 प्रतिशत मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश में मैन्युफैक्चर किए जाते हैं तथा देश की कुल इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का 25 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में होता है।उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर एक ऐसी फाउंडेशनल तकनीक है, जिससे देश में विभिन्न प्रकार की मैन्युफैक्चरिंग संभव हो जाती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कोई मशीन 10 करोड़ रुपये की भी हो, तो वह 100 रुपये की चिप के बिना अधूरी है। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी चिप में 500 करोड़ कंपोनेंट्स बनाना, वह भी विभिन्न स्तरों पर, एक अत्यंत जटिल कार्य है, जो अब जेवर की पवित्र धरती पर किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 18 ऐसे कॉलेज हैं, जहां विद्यार्थियों को चिप डिजाइन का कार्य सिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में बहुत कम ऐसे संस्थान हैं, जहां चिप डिजाइन का प्रशिक्षण दिया जाता है।
श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वह माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन करना चाहते हैं, जिनके नेतृत्व में आज नई दिल्ली में विश्व का सबसे बड़ा एआई समिट सफलतापूर्वक आयोजित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन में 118 देशों तथा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भाग लिया है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानव-केंद्रित विकास का विजन आज वैश्विक स्तर पर स्वीकार किया जा रहा है। श्री वैष्णव ने कहा कि इसी दृष्टि से जुड़े दस्तावेज पर विश्व के 86 देशों द्वारा हस्ताक्षर किया जाना ‘सर्वजन सुखाय, सर्वजन हिताय’ की भावना से प्रेरित एक समावेशी वैश्विक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रेल बजट का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इस वर्ष उत्तर प्रदेश के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया गया है। इसके साथ ही राज्य में रेलवे क्षेत्र में लगभग 92 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में बुलेट ट्रेन सेवा भी प्रारंभ की जाएगी, जो दिल्ली से वाराणसी होते हुए सिलीगुड़ी तक जाएगी।

No comments:
Post a Comment