बस्ती। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष सिंचाई बन्धु गजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि किसान हित सर्वोपरि है और सभी योजनाओं का क्रियान्वयन इसी दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि विभागीय आख्या समय पर और पूरी तरह प्रस्तुत की जाए, जिससे किसान सीधे लाभान्वित हों।
जिला विकास अधिकारी अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगली बैठक में सभी नोडल अधिकारी/अधिशासी अभियन्ता व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों और अनुपालन आख्या समयसीमा में प्रस्तुत करें।
उपनिदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम ने बताया कि जनपद में 2,86,578 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। किसानों को गन्ने के साथ सहफसल के रूप में उड़द और मूंग के बीज किट अनुदान सहित जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला गन्ना अधिकारी अंगद प्रसाद सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के गन्ना भुगतान में 24 करोड़ रुपये किसानों को वितरित किए जा चुके हैं और शेष राशि का भुगतान शीघ्र ही किया जा रहा है। विधायक प्रतिनिधि गुलाब चंद्र सोनकर ने कहा कि बकाया भुगतान में विलंब होने पर किसानों को ब्याज भी प्रदान किया जाना चाहिए।
बैठक में नलकूप विभाग, उद्यान विभाग और पशुपालन विभाग की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। पशुपालन विभाग ने 20 जनवरी से जिले में 2.5 लाख पशुओं का खुरपका और मुंहपका का टीकाकरण कराने की जानकारी दी। गोपालक संख्या में गिरावट के बावजूद महिष पालन में वृद्धि हुई है और नन्दिनी एवं मिनी नन्दिनी डेयरी योजना के माध्यम से गोपालकों का संबल बढ़ाया जा रहा है।
बैठक का संचालन सहायक अभियन्ता अजय कुमार ने किया। बैठक में सदर, महादेवा और रूधौली के विधायक प्रतिनिधि एवं कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment