<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, January 21, 2026

महादेवा के गौरा उपाध्याय गांव में व्यक्ति ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। महादेवा क्षेत्र के लालगंज थाना अंतर्गत ग्राम गौरा उपाध्याय में बुधवार दोपहर एक व्यक्ति का शव घर के कमरे में पंखे से कुंडी के सहारे लटकता हुआ मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रणजीत (उम्र लगभग 46 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे रणजीत का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह नशे की हालत में था। जब पत्नी संगीता ने कमरे में शव देखा तो उसने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। स्वजनों के अनुसार रणजीत करीब 16 दिन पहले ही इलाहाबाद से अपने गांव लौटा था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि रणजीत का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर वह बीते अक्टूबर में उसे अपने साथ इलाहाबाद ले गया था। इसी को लेकर पारिवारिक तनाव की आशंका जताई जा रही है।

मृतक के परिवार में पत्नी संगीता (44 वर्ष) के अलावा चार बच्चे हैं—भीम (18 वर्ष), कंचन (16 वर्ष), रंजन (15 वर्ष) और अर्जुन (13 वर्ष)। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गौरतलब है कि लगभग सात वर्ष पूर्व मृतक के बड़े भाई लवकुश ने भी पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या कर ली थी, जिससे एक बार फिर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी लालगंज संजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages