विंध्याचल (मीरजापुर)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्य समिति की बैठक विंध्याचल स्थित गोयनका धर्मशाला में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश के 18 मंडलों के मंडल अध्यक्षों, 75 जिलों के जिलाध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री डा. संजय द्विवेदी और हौसला प्रसाद त्रिपाठी ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने मार्च के अंतिम सप्ताह में पूरे प्रदेश के पत्रकारों के साथ लखनऊ में धरना प्रदर्शन करने की घोषणा की। उन्होंने तहसील स्तरीय पत्रकारों को मान्यता देने और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। इसके तहत सात सूत्रीय ज्ञापन चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के 80 सांसदों, 403 विधायकों, 18 मंडलायुक्तों और 75 जिलाधिकारियों को भेजे गए।
महामंत्री डॉ. संजय द्विवेदी ने मंडल अध्यक्षों से संवाद कर जिलों के निर्वाचन प्रक्रिया की समीक्षा की और बरेली व मुरादाबाद मंडल को सशक्त बनाने की जिम्मेदारी प्रांतीय पदाधिकारियों को सौंपी। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंडल अध्यक्ष ही जिलों की समीक्षा करेंगे और जिला अध्यक्ष तहसीलों के गठन व संबंधित सूचना भेजने के जिम्मेदार होंगे।
प्रदेश संरक्षक डॉ. के.एन. राय ने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए एक प्रतिनिधिमंडल गठित किया जाए। साथ ही संगठन के कानूनी मामलों के लिए एक प्रदेश विधिक टीम का गठन किया जाएगा।
अधिकारियों और अतिथियों का स्वागत विंध्याचल मंडल अध्यक्ष रूपेश पाण्डेय और जिलाध्यक्ष अजय ओझा ने किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में झांसी, सहारनपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, बस्ती, विंध्याचल, गोरखपुर, अयोध्या, देवीपाटन, आजमगढ़ के पत्रकार और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment