लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में उन्नाव के पुरवा विधायक प्रतिनिधि की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित सिंह (36) के रूप में हुई है। वह उन्नाव जिले के सोहरा मऊ थाना क्षेत्र के दरेहटा अचली गांव के रहने वाले थे।
रविवार रात करीब 12 बजे की घटना है। रोहित बाइक से बनी-मोहनलालगंज रोड पर धावापुर के पास जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित बाइक समेत सड़क किनारे जा गिरे। राहगीरों ने बंथरा पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रोहित के परिजनों को घटना की जानकारी दी। गंभीर हालत में रोहित को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोहित के परिवार में पत्नी सोनी, बेटी छाया और बेटा वीर सिंह हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुरवा विधायक अनिल सिंह मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी लेने का वादा किया है। साथ ही सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
No comments:
Post a Comment