गोरखपुर। कर्मचारियों और पेंशनरों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आवाज बुलंद की है। परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र और प्रदेश सरकार से कर्मचारियों एवं पेंशनरों के हित में ठोस निर्णय लेने की मांग की।
मुलाकात के दौरान रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारी किसी भी सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी होते हैं। शासन की योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में उनके अधिकारों, सुविधाओं और भविष्य की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली, आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने, न्यूनतम वेतन 69 हजार रुपये निर्धारित करने तथा कोरोना काल में रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः पांच-पांच प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन वृद्धि तथा वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों को रेल यात्रा में पूर्व की तरह रियायत देने की मांग भी शामिल रही।
प्रदेश सरकार से बेसिक शिक्षा विभाग में 16 वर्षों से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं लेखाकारों को आउटसोर्सिंग सेवा निगम से जोड़ने और उन्हें सम्मानजनक वेतन देने की मांग की गई। साथ ही कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों का निस्तारण और कोरोना काल में बंद किए गए भत्तों को बहाल करने का आग्रह किया गया।
पेंशनरों की स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए प्रतिनिधिमंडल ने एनपीएस से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति का लाभ देने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा में ओपीडी और सभी जांचों को शामिल करने तथा गंभीर बीमारियों के इलाज में पांच लाख रुपये की सीमा समाप्त करने की मांग रखी। बुजुर्ग एवं बीमार पेंशनरों की सुविधा के लिए चिकित्सा प्रतिपूर्ति की ऑनलाइन व्यवस्था के साथ ऑफलाइन व्यवस्था जारी रखने पर भी जोर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि पंकज चौधरी कर्मचारियों और पेंशनरों की इन समस्याओं को सरकार के समक्ष गंभीरता से रखेंगे, जिससे लंबित मांगों के समाधान का रास्ता प्रशस्त हो सके।
इस अवसर पर पंडित श्याम नारायण शुक्ल, मदन मुरारी शुक्ल, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, अनिल द्विवेदी, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, नरेंद्र धर द्विवेदी, राहुल श्रीवास्तव और रमेश वर्मा सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment