बस्ती। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नामों में संशोधन और आवेदन पत्रों के निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया।
डीएम ने किसान इंटर कॉलेज मरहा गोटवा के बूथ संख्या 371 व 372, प्राथमिक विद्यालय महरीपुर के बूथ संख्या 381, 382 व 383 तथा प्राथमिक विद्यालय कोठवा भरतपुर के बूथ संख्या 391 व 392 का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने और मतदाता विवरण में संशोधन की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए बूथ स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करने और आवेदन भरने में आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं बीएलओ को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से अभियान संचालित करने को कहा।

No comments:
Post a Comment