- 15वें बस्ती मैराथन में सम्मानित होंगी विजेता और उपविजेता टीमें, 29 नवंबर को होगा संडे ऑन साइकिल का आयोजन
बस्ती। राष्ट्रीय युवा संघ (NAY) के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय बस्ती खेल संगम-2026 में दूसरे दिन भी खेलों का उत्साह चरम पर रहा। अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम सहित विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में जनपद के विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन और फुटबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
वॉलीबॉल में खेल विभागालय और जनता इंटर कॉलेज, कबड्डी में उर्मिला एजुकेशन एकेडमी और रामबाग विद्यालय तथा फुटबॉल में राजकीय इंटर कॉलेज और किसान इंटर कॉलेज की टीमों ने मुकाबले में हिस्सा लिया। वहीं बैडमिंटन में बेगम खैर और एनआईएस स्कूल के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। आरसीसी स्कूल, ओमनी स्कूल सहित अन्य विद्यालयों के खिलाड़ियों की सहभागिता ने आयोजन की रौनक बढ़ाई।
प्रतियोगिताओं के दौरान वरिष्ठ नेता सतीश सोनकर, राजेश पाल चौधरी, ट्रैफिक प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी, भाजपा जिला मंत्री सुरेंद्र चौधरी, छात्र नेता सचिन सिंह, समाजसेवी राजीव जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार पुनीत ओझा और वरिष्ठ समाजसेवी रामानुजेंद्र पांडेय ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
आयोजकों के अनुसार, सभी प्रतियोगिताओं की विजेता और उपविजेता टीमों को 29 नवंबर को 15वें बस्ती मैराथन के अवसर पर ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इसी दिन संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम भी आयोजित होगा, जिसमें बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
राष्ट्रीय युवा संघ का यह आयोजन 26 से 29 नवंबर तक चल रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना है। मैराथन और साइकिल रैली के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment