गोरखपुर। पूर्वांचल की शैक्षिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देने वाला 24वां अखिल भारतीय विज्ञान मेला 27 नवंबर से गोरखपुर में शुरू होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न प्रांतों से आए 600 बाल वैज्ञानिक अपनी वैज्ञानिक सोच, प्रतिभा और नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। मेले में विज्ञान शिक्षकों, मार्गदर्शकों और शिक्षाविदों समेत करीब 1000 प्रतिभागियों की सहभागिता रहेगी। इस राष्ट्रीय आयोजन की जिम्मेदारी सरस्वती शिशु मंदिर (10+2), पक्कीबाग को सौंपी गई है।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित इस विज्ञान मेले की जानकारी गुरुवार को गोरखपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में शिशु शिक्षा समिति विद्या भारती गोरक्ष प्रांत के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि विज्ञान मेला केवल विद्यार्थियों के मॉडल और प्रयोगों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, तार्किक क्षमता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले का ध्येय वाक्य महर्षि पतंजलि का सूत्र 'प्रत्यक्षानुमानागमाः प्रमाणानि' रखा गया है। इसके जरिए प्रत्यक्ष अनुभव, तर्कपूर्ण अनुमान और प्रमाणित ज्ञान के महत्व को रेखांकित किया जाएगा। भारतीय ज्ञान परंपरा में ज्ञान प्राप्ति के इन आधारों को आधुनिक विज्ञान की प्रयोगात्मक पद्धति से जोड़ना इस आयोजन की विशेषता होगी।
मेले में देशभर के विद्या भारती विद्यालयों से चयनित विद्यार्थी विज्ञान के विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल, प्रयोग, परियोजनाएं और अभिनव विचार प्रस्तुत करेंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ ही विज्ञान के जरिए समाज और आमजन की समस्याओं के समाधान के नए रास्ते भी तलाशेंगे। ग्रामीण विकास, दैनिक जीवन की चुनौतियों तथा तकनीकी के व्यावहारिक उपयोग पर भी विशेष जोर रहेगा।
राम सिंह ने कहा कि भारत की प्राचीन वैज्ञानिक उपलब्धियां और आधुनिक तकनीकी अनुसंधान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। गणित, खगोल विज्ञान, आयुर्वेद, धातु विज्ञान और वास्तुकला जैसे क्षेत्रों में भारत की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी से परिचित कराना भी विज्ञान मेले का प्रमुख उद्देश्य है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में देश को विज्ञान एवं तकनीकी के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का संकल्प विकसित किया जाएगा।
गोरखपुर में इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी मिलने से विद्यालय परिवार के साथ पूरे पूर्वांचल में उत्साह है। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवास, भोजन, परिवहन, पंजीकरण, प्रदर्शनी स्थल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह, एसएन कुशवाहा और नरेंद्र चंद कौशिक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment