गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने गुरुवार को सर्किट हाउस में उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जनपद में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी), एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी), विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने योजनाओं के तहत लाभार्थियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण, टूलकिट वितरण, ऋण आवेदनों की स्थिति, ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। लंबित ऋण आवेदनों के निस्तारण के लिए बैंकों से बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि युवाओं को स्वरोजगार और उद्यम स्थापना के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही पारंपरिक कारीगरों और नवोदित उद्यमियों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
बैठक में उपायुक्त उद्योग उज्ज्वल सिंह सहित उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment