गोरखपुर। पिपराइच थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने मंगलवार तड़के जंगल धूषण के पास चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में चोरी के मामलों में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से चोरी के दो सिक्के, 2,200 रुपये नकद, दो दोपहिया वाहन, एक देशी तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से कांस्टेबल हनुमान यादव भी घायल हुए।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात करीब 2:20 बजे पिपराइच थानाध्यक्ष अनूप सिंह पुलिस टीम के साथ जंगल धूषण के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम गंभीर घटनाओं में वांछित अभियुक्तों की तलाश और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पादरी बाजार की ओर से आ रहे स्कूटी सवारों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने यूटर्न लेकर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान स्कूटी सवार गिर गया। पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए कहा तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल हनुमान यादव घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया। वहीं दूसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला।
घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी पिपराइच ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुमताज अहमद उर्फ राजू पुत्र शफीक अहमद, निवासी निजामपुर चौराहा, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। पिपराइच थाने में दर्ज तीन चोरी के मामलों के अलावा रामगढ़ताल, शाहपुर, गुलरिहा, कैंट, खजनी और राजघाट थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है और एक अन्य अभियोग भी पंजीकृत किया है। पुलिस टीम में एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय, थानाध्यक्ष अनूप सिंह, उपनिरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह समेत पिपराइच पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल के जवान शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment