बस्ती। नगर पंचायत नगर बाजार स्थित अटल भवन का सभागार रविवार को साहित्य, संगीत और संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आया। 'एक शाम साहित्य, संगीत और सम्मान के नाम' विषय पर आयोजित सम्वर्धन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कवियों और साहित्यकारों ने अपनी प्रभावशाली रचनाओं से ऐसा समां बांधा कि देर तक तालियों की गूंज थमती नहीं रही। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार गोमती प्रसाद मिश्र 'अनिल' को उनके दीर्घकालीन साहित्यिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ साहित्यकार गोमती प्रसाद मिश्र 'अनिल' की अध्यक्षता तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख राणा दिनेश प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है और नगर बाजार में आयोजित यह कार्यक्रम जनपद की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा।
सम्मान प्राप्त करने के बाद गोमती प्रसाद मिश्र 'अनिल' ने कहा कि साहित्य केवल शब्दों का सृजन नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं और संस्कारों का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि समाज का सम्मान ही किसी भी रचनाकार की सबसे बड़ी पूंजी होता है।
कवि सम्मेलन में लखनऊ, बाराबंकी, बस्ती सहित प्रदेश के कई जिलों से आए रचनाकारों ने ओज, राष्ट्रभक्ति, हास्य, करुण, श्रृंगार और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रचनाओं का प्रभावशाली पाठ किया। समसामयिक विषयों पर केंद्रित कविताओं ने श्रोताओं को सोचने पर मजबूर किया, जबकि भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभागार को बार-बार तालियों से गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम के संयोजक तेज प्रकाश शुक्ल 'तेज' ने कहा कि साहित्य समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को संस्कारों से परिचित कराने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने आयोजन की सफलता का श्रेय सभी साहित्यकारों, सहयोगियों और साहित्यप्रेमियों को दिया।
इस अवसर पर डॉ. रामनरेश सिंह 'मंजुल', के.पी. पाण्डेय, कमल किशोर 'भावुक', डॉ. दिनेश त्रिपाठी 'शम्स' ने भी अपने विचार रखे। मंच संचालन कुलदीप कलश ने किया।
काव्यपाठ करने वालों में डॉ. सर्वेश त्रिपाठी, लोकेश त्रिपाठी, डॉ. राजेश राज, डॉ. विकास भट्ट 'कामिल', आदर्श सिंह 'निखिल', सुधांशु शुक्ल, सौरभ जायसवाल, रजत मिश्र और आकृति तिवारी सहित अनेक कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत नगर बाजार की चेयरमैन नीलम सिंह राणा, वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. वीरेन्द्र त्रिपाठी, समाजसेवी भावेश पाण्डेय, भाजपा नेता नीतेश शर्मा, कृष्ण नंदन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन की व्यवस्थाओं में सत्यव्रत मिश्र 'सत्य', बृजेश तिवारी, विनोद शुक्ल, मनीष चौधरी और विवेक शुक्ल की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment