बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के जयपुरवा निवासी सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने बस्ती विकास प्राधिकरण (बीडीए) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्होंने गाटा संख्या 77 व 78, जो घरसोहिया में स्थित है, का विधिवत बैनामा कराया था और उसका सीमांकन कराकर बाउंड्री व चिन्हांकन भी कराया गया था। उक्त भूमि पर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है।
पीड़ित के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को विकास प्राधिकरण द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के बुल्डोजर चलाकर उनकी भूमि पर किए गए चिन्हांकन को गिरा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता हरिओम के निर्देश पर की गई।
सुरेन्द्र चौधरी ने बताया कि जब उन्होंने नोटिस के संबंध में जानकारी मांगी तो उन्हें गाटा संख्या 157/2 व 157/3 से संबंधित नोटिस दिखाया गया, जिससे उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहले ही गाटा संख्या 77 व 78 के लेआउट के संबंध में आवेदन किया हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध मांग पूरी न करने के कारण उनके खिलाफ बिना नोटिस के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस घटना से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और उन्हें भू-माफिया तक कहा जा रहा है।
पीड़ित ने कहा कि वह इस पूरे मामले को जिलाधिकारी के समक्ष रखेंगे। यदि दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह उच्च न्यायालय का रुख करेंगे और संबंधित अधिकारियों पर मानहानि का दावा भी करेंगे।

No comments:
Post a Comment