गोरखपुर। चाइनीज मंझा बक्शीपुर और सूरजकुंड उपकेंद्र क्षेत्र में रहने वालों की परेशानी का सबब बन गया है। मंझा फंसने के कारण बक्शीपुर व सूरजकंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ रहा है। रोजाना 10 से 15 मिनट आपूर्ति ठप हो रही है। यदि कई जगह पतंगबाजी हो रही है तो मंझा के कारण कई बार बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है।
बक्शीपुर व सूरजकुंड उपकेंद्र क्षेत्र में सर्वाधिक पतंगबाजी होती है। इन दिनों पतंग उड़ाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन व पुलिस के दावे के विपरीत पतंग उड़ाने वालों को आसानी से चाइनीज मंझा मिल जा रहा है। कई लोग तो खुद ही मंझा बना ले रहे हैं।
- कोतवाली, निजामपुर, सूर्यबिहार व सूरजकुंड सबसे ज्यादा प्रभावित
पतंगबाजों के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत बक्शीपुर उपकेंद्र से जुड़े कोतवाली व निजामपुर और सूरजकुंड उपकेंद्र से जुड़े सूर्यबिहार व सूरजकुंड फीडर वाले उपभोक्ताओं को हो रही है। इन इलाकों में रोजाना बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ रहा है।
- मंझा खींचने से हो रहा धमाका
बिजली निगम के अभियंताओं का कहना है कि तार में मंझा फंसने के बाद उसे छुड़ाने की कोशिश की जा रही है। जिस तार में मंझा फंस जाता है, खींचने पर वह तार दूसरे तार से टकरा जाता है। इससे धमाका होता है और फीडर या उपकेंद्र की आपूर्ति ट्रिप कर जाती है। इसके बाद दोबारा आपूर्ति शुरू की जाती है। यदि मंझा फंसा रह जाता है तो आपूर्ति नहीं शुरू होती।
ऐसी स्थिति में पेट्रोलिंग करनी पड़ती है। अभियंताओं का कहना है कि ज्यादातर मामलों में जैसे ही दोनों तार सटते हैं, तार में फंसा मंझा जल जाता है। तार सटने से लाइन ट्रिप हो जाती है लेकिन जब दोबारा लाइन शुरू की जाती है तो कोई व्यवधान न होने के कारण आपूर्ति बहाल हो जाती है।
No comments:
Post a Comment