बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 13 दिसम्बर 2025 को प्रदेशभर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन प्रस्तावित है। इसी क्रम में राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन तथा आमजन को विधिक सेवा/सहायता कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के प्रचार वाहन का जनपद बस्ती में कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
इसी क्रम में 28 नवम्बर 2025 को जनपद न्यायालय बस्ती परिसर से जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रिजवानुल हक, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सुश्री आराधना रानी, प्रथम अपर जिला जज शिव चन्द, अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार-XIV सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं बार काउंसिल के अधिवक्ता उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 दिसम्बर 2025 को जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय एवं सभी तहसील मुख्यालयों में किया जाएगा। इसमें आपराधिक शमनीय वाद, परकाम्य लिखत अधिनियम की धारा-138 से संबंधित मामले, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम वाद, पारिवारिक वाद, भूमि अधिग्रहण व विद्युत-जलकर विवाद (चोरी से संबंधित मामलों सहित) सहित विभिन्न प्रकार के वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष, आर्बिट्रेशन तथा हायर पर्चेज एग्रीमेंट से उत्पन्न अन्य वादों को भी अधिकतम संख्या में निस्तारित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु 28 दिसम्बर 2025 एवं 29 दिसम्बर 2025 को जनपद में प्रचार वाहन द्वारा भ्रमण किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment