बस्ती। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर नगर पंचायत बनकटी के देइसांड में महिलाओं की सुविधा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवनिर्मित पिंक शौचालय का उद्घाटन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला और अधिशासी अधिकारी राहुल यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शौचालय का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला ने कहा कि महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए पिंक शौचालय की व्यवस्था की गई है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय उपलब्ध कराना आवश्यक है। इससे महिलाओं को काफी सहूलियत मिलेगी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का विषय है। नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सार्वजनिक शौचालयों का नियमित उपयोग और रखरखाव भी जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिलाओं की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस मौके पर बाबूराम चौधरी, संजू, आशीष श्रीवास्तव, प्रवेश दुबे, भगवानदीन, सूरज, दिन दयाल, विसुनदेव, रविंद्र सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment