संतकबीरनगर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज कुमार श्रीवास्तव एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ज्ञानेंद्र विक्रम की उपस्थिति में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उसके मूल्यों एवं आदर्शों के पालन की शपथ ली।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार श्रीवास्तव ने जनपदवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान की उद्देशिका में निहित मूल्यों की स्थापना करना सभी अधिकारियों का प्राथमिक उद्देश्य होना चाहिए। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को संविधान की प्रस्तावना में वर्णित आदर्शों के अनुरूप अपने आचरण और कार्यशैली का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमें मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है। हम सभी को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही संविधान में निहित कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पालन करना चाहिए। संविधान के आदर्शों को आत्मसात कर ही एक मजबूत, समतामूलक और लोकतांत्रिक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में अपर उप जिलाधिकारी राजकुमार, प्रशिक्षु उप जिलाधिकारी अभय सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सतीश कुमार, एसओसी विनय कुमार सिंह, प्रशासनिक अधिकारी बद्री प्रसाद श्रीवास्तव, योगेश चौधरी सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment