बस्ती। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत विज्ञान एवं गणित विषय के 29,334 सहायक अध्यापकों की ज्येष्ठता (वरिष्ठता) सूची के विधिक एवं त्रुटिरहित निर्धारण की मांग को लेकर मंगलवार को शिक्षक रमेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद राम प्रसाद चौधरी, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के बाद शिक्षक रमेश कुमार वर्मा ने बताया कि गोरखपुर और बुलंदशहर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने मूल विज्ञापन के नियमों के अनुरूप वरिष्ठता सूची जारी कर दी है, जबकि बस्ती में इन नियमों की अनदेखी की जा रही है।
शिक्षकों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की कि जनपद की उच्च प्राथमिक विद्यालयों की विज्ञान एवं गणित विषय की वरिष्ठता सूची का पुनरीक्षण नियमावली और शासनादेशों के अनुरूप कराया जाए, ताकि योग्य शिक्षकों के विधिक अधिकारों का हनन न हो।
इस दौरान मनीष कुमार, रामभवन यादव, राजेश यादव, वासुदेव, दयाशंकर, हरिशंकर, करुणाकर, वीरेंद्र, मूलशंकर, रणवीर, रजनीश, डॉ. सुनील यादव, पवन वर्मा सहित विज्ञान एवं गणित विषय के शिक्षक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment