बस्ती। हर्रैया ब्लॉक के नेशनल इंटर कॉलेज परिसर में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी विवेक कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक अजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह और सभासद धर्मध्वज सिंह ने किया। प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने दौड़, कबड्डी, खो-खो और कूद सहित विभिन्न खेलों में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
प्राथमिक संवर्ग बालक वर्ग की 50 और 200 मीटर दौड़ में उमरिया गुप्तार के कन्हैया तथा 100 मीटर में बड़ेरिया कुंवर के जूना कुमार प्रथम रहे। बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में निपनिया की अलीमुन, 100 मीटर में समीकन और 200 मीटर में रेवरादास की संध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उच्च प्राथमिक संवर्ग बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बड़ेरिया कुंवर के सौरभ और 200 मीटर में उमरिया गुप्तार के राजगौंड विजेता रहे। बालिका वर्ग की 100 और 200 मीटर दोनों दौड़ में पिकौरा की जानकी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कबड्डी बालक वर्ग में मझौवा बाबू की टीम विजेता और कीर्तिदौलतपुर उपविजेता रही। बालिका वर्ग में कीर्तिदौलतपुर की टीम ने खिताब जीता, जबकि डुहवा मिश्र उपविजेता रहा। प्राथमिक बालिका खो-खो में निपनिया तथा उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग में डुहवा मिश्र की टीम विजेता बनी। उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में केशवपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। ब्लॉक व्यायाम शिक्षक सर्वदेव सिंह की देखरेख में खेल शिक्षक पवन मिश्र, दीपक सिंह, उत्तम वर्मा, आदित्य उपाध्याय, सुनील कन्नौजिया, संजीव गौतम सहित अन्य शिक्षकों ने प्रतियोगिताओं का संचालन किया। कार्यक्रम का संचालन गिरजेश बहादुर सिंह ने किया।
इस अवसर पर एआरपी संतोष कुमार शुक्ल, मनोज मिश्र, काशीराम वर्मा, राजीव शुक्ल, शिक्षक नेता राजकुमार तिवारी, रामसागर वर्मा, विकास पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment