<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, November 23, 2026

संविधान दिवस पर 3000 विद्यार्थी एक साथ करेंगे प्रस्तावना का पाठ


26 नवंबर को हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज में आयोजित होगा ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम

संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को जनपद में प्रदेशव्यापी ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत सामूहिक संविधान की प्रस्तावना पाठ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज, खलीलाबाद के मैदान को आयोजन स्थल बनाया गया है। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 3000 विद्यार्थी एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे।

कार्यक्रम सुबह 8:45 बजे शुरू होगा। निर्धारित समय सुबह 9 बजे सभी विद्यार्थी एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को संविधान में उल्लिखित मौलिक कर्तव्यों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत और विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी जाएगी।

यह आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के ‘संविधान संवाद’ अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तहत विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की संरचना, संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और विधिक सहायता के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर की ओर से कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। यह पहल युवा पीढ़ी में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नागरिक चेतना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

No comments:

Post a Comment

Pages