<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, November 27, 2026

राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन पर 18 कार्यालयों के प्रमुख व अधिकारी सम्मानित


लखनऊ। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, उत्तरी क्षेत्र, अलीगंज में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), लखनऊ की वर्ष 2026 की द्वितीय छमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, उत्तरी क्षेत्र के अपर महानिदेशक व विभागाध्यक्ष राजिन्दर कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय गाजियाबाद के सहायक निदेशक अजय कुमार चौधरी उपस्थित रहे।

बैठक में लखनऊ स्थित समिति के लगभग 40 सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों और प्रतिनिधियों सहित करीब 85 लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान समिति की संयुक्त हिंदी पत्रिका ‘शंखनाद’ के द्वितीय अंक तथा भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, राज्य इकाई उत्तर प्रदेश की हिंदी गृह पत्रिका ‘वसुंधरा’ के द्वितीय अंक का विमोचन किया गया।

सदस्य सचिव ओम प्रकाश ने राजभाषा वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 की जानकारी प्रस्तुत की। इसके आधार पर एक अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक की छमाही रिपोर्टों की मदवार समीक्षा की गई। इसमें हिंदी पत्राचार, टिप्पण लेखन, कार्यशालाओं, राजभाषा समिति की बैठकों, हिंदी पत्रिकाओं के प्रकाशन तथा राजभाषा नियमों के अनुपालन की स्थिति पर चर्चा हुई।

राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए 18 सदस्य कार्यालयों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया, जबकि हिंदी गृह पत्रिका प्रकाशित करने वाले 11 कार्यालयों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि अजय कुमार चौधरी ने समिति को अखिल भारतीय स्तर पर राजभाषा विभाग की ओर से ‘सर्वश्रेष्ठ’ श्रेणी में सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कोलकाता में आयोजित होने वाले संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में भी सभी को आमंत्रित किया।

अध्यक्ष राजिन्दर कुमार ने सभी कार्यालयों से हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। बैठक का समापन ओम प्रकाश के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Pages