- बहू-बेटी सम्मेलन के लिए 130 प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण शुरू
गोरखपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित बहू-बेटी सम्मेलन को ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाने के लिए सुगमकर्ताओं का प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हो गया। खजनी, बेलघाट और उरुवा विकास खंड सभागारों में आयोजित प्रशिक्षण में पुलिस विभाग एवं यूनिसेफ के सहयोग से विभिन्न विभागों के 130 नामित प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन के मार्गदर्शन तथा जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा और अपराध की रोकथाम के लिए समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाना है। प्रशिक्षण में पुलिस, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास तथा पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधियों को कार्यक्रम के संचालन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान सुगमकर्ताओं को लैंगिक समानता, लैंगिक भेदभाव, घरेलू हिंसा, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध तथा उपलब्ध सहायता एवं संरक्षण सेवाओं से संबंधित छह विषयगत सत्रों की जानकारी दी गई। समूह चर्चा, भूमिका-अभिनय और केस स्टडी के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षित सुगमकर्ता अपने-अपने ग्राम पंचायतों में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों तथा विवाहित एवं अविवाहित महिलाओं के साथ छह विषयगत सत्रों का संचालन करेंगे। इससे महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने तथा जरूरतमंदों को सहायता एवं संरक्षण सेवाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।
खजनी विकास खंड सभागार में मंडलीय बाल संरक्षण सलाहकार, यूनिसेफ शैलेश प्रताप सिंह ने प्रतिभागियों को कार्यक्रम के उद्देश्य, आगामी कार्ययोजना और लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम में विभिन्न विभागों की भूमिका के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार ग्राम पंचायत स्तरीय सुगमकर्ताओं का प्रशिक्षण 15 से 25 सितंबर तक चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment