गोरखपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 27 अगस्त को ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ के तहत ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गोरखपुर में इसका मुख्य आयोजन महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
माय भारत केंद्र, गोरखपुर की जिला युवा अधिकारी सीमा पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने, खेल संस्कृति को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि देशभर में प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां युवाओं को खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद का अवसर मिलेगा।
- 1600 से अधिक स्थानों पर जुड़ेंगे आठ लाख से ज्यादा युवा
कार्यक्रम के तहत 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के करीब 1600 स्थानों पर मौजूद आठ लाख से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। इसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी सीमा पांडेय ने कहा कि खेल क्षेत्र में हुए बदलाव, खिलाड़ियों को मिले नए अवसर और खेलों के प्रति बढ़ती राष्ट्रीय चेतना से युवाओं को परिचित कराना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाओं को सुनकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
- स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों से होगा संवाद
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद का आयोजन होगा। इसमें माय भारत स्वयंसेवकों, युवाओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच संवाद होगा। युवा खेल, फिटनेस, नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य में अपनी भूमिका को लेकर विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। सीमा पांडेय ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करता है।

No comments:
Post a Comment