बस्ती। भानपुर तहसील के दसिया ग्राम में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अवधेश सिंह ने क्षेत्र के हजारों किसानों और ग्रामीणों की चिंताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर परियोजना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनविरोधी परियोजना नहीं रोकी गई तो जनता के साथ मिलकर बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में अवधेश सिंह ने क्षेत्र की भौगोलिक और पर्यावरणीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि भानपुर और रुधौली क्षेत्र में एथेनॉल प्लांट लगने से भारी मात्रा में भूजल का दोहन होगा। इससे पहले से घट रहे भूजल स्तर पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा और किसानों की सिंचाई के साथ-साथ आम लोगों के लिए पेयजल संकट उत्पन्न हो सकता है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि प्रस्तावित प्लांट से महज 200 मीटर की दूरी पर दो सरकारी विद्यालय स्थित हैं। फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं, रसायनों और दुर्गंध से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों तथा आसपास के 14-15 गांवों के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि स्थानीय जनसुनवाई और ग्रामीणों की सहमति के बिना इस संवेदनशील क्षेत्र में फैक्ट्री निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई, जो पूरी तरह तानाशाही रवैया है। उन्होंने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन यदि विकास की कीमत स्थानीय जनता की जिंदगी, बच्चों के स्वास्थ्य और किसानों की उपजाऊ भूमि को नुकसान पहुंचाकर चुकानी पड़े तो ऐसे विकास का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ग्रामीणों की आवाज दबाने का प्रयास कर रहे हैं। पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से दसिया ग्राम में बन रही एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांगें नहीं मानी गईं तो तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक ऐतिहासिक चक्काजाम और बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

No comments:
Post a Comment