जम्मू-कश्मीर। पहलगाम हमले के बाद से ही अमरनाथ यात्रा पर लोगों की नजर थी। पहलगाम हमले ने कश्मीर के टूरिज्म पर काफी ज्यादा असर डाला है। अब ऐसे में लोगों की निगाहें अमरनाथ यात्रा पर थी कि क्या इस बार भी भारी संख्या में यात्रा करने लोग आएंगे या नहीं। कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। अप्रैल में हुए पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 38 दिनों की यह तीर्थयात्रा गुरुवार को शुरू हुई और पहले दिन ही बाबा अमरनाथ के दर्शन 12 हजार से ज्यादा लोगों ने किए।
अमरनाथ तीर्थयात्रा के पहले दिन बृहस्पतिवार को 12,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर के दर्शन किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, तीर्थयात्रा के पहले दिन कुल 12,348 तीर्थयात्रियों ने 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थि गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की। अधिकारियों ने कहा कि इसमें 9,181 पुरुष, 2,223 महिलाएं, 99 बच्चे, 122 साधु, सात साध्वी और आठ ‘ट्रांसजेंडर’ शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पहले दिन इतनी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों की उपस्थिति की उम्मीद नहीं थी, खासकर इस साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के मद्देनजर। इस साल सुचारू तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा उपाय किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पहलगाम स्थित नुनवान आधार शिविर और मध्य कश्मीर के गंदेरबल में सोनमर्ग स्थित बालटाल आधार शिविर से सुबह होते ही तीर्थयात्री पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए। ‘बम बम भोले’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ तीर्थयात्री रवाना हुए। उनके चेहरों पर आगे की कठिन यात्रा के बावजूद खुशी के भाव थे। गुजरात से आए एक तीर्थयात्री ने कहा, ‘‘बाबा ने हमें आशीर्वाद दिया है और चारों ओर जबरदस्त उत्साह और उमंग का माहौल है।’’
उन्होंने लोगों से बिना किसी डर के यात्रा पर आने का आग्रह किया और कहा कि चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण डरने की कोई जरूरत नहीं है। एक अन्य तीर्थयात्री ने कहा, ‘‘बहुत अच्छे इंतजाम हैं। बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं। कड़ी सुरक्षा है। अन्य इंतजाम भी ठीक हैं।’’ तीर्थयात्रियों में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे भी शामिल हैं, जो बालटाल के रास्ते बाबा बर्फानी के दर्शन करने जा रही हैं।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को जम्मू के भगवती नगर में यात्रा आधार शिविर से 5,892 श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई थी। तीर्थयात्री दोपहर में कश्मीर घाटी पहुंचे जहां प्रशासन तथा स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। तीर्थयात्री अमरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, जहां बर्फ से बना शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट होता है। अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और अन्य अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों को तैनात किया गया है। तीर्थयात्रा का समापन नौ अगस्त को होगा।
No comments:
Post a Comment