<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, March 3, 2026

शराब पीकर गाड़ी चलाई तो 3 महीने के लिए लाइसेंस सस्पेंड


नई दिल्ली। दिल्ली यातायात पुलिस होली के दिन बुधवार को शहर भर के लगभग 134 प्रमुख चौराहों पर कर्मियों को तैनात करेगी और शराब पीकर गाड़ी चलाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किया जा सकता है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक विस्तृत यातायात परामर्श जारी करते हुए कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने, लापरवाही से और टेढ़ी-मेढ़ी दिशा में गाड़ी चलाने, लाल बत्ती पार करने, तीन लोगों को बैठाकर दो पहिया वाहन चलाने, बिना हेलमेट के वाहन चलाने और दोपहिया वाहनों से स्टंट करने जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील रास्तों पर विशेष जांच दल तैनात किए जाएंगे। परामर्श में कहा गया है कि सड़क सुरक्षा पर उच्चतम न्यायालय की समिति के निर्देशों के अनुसार, शराब पीकर गाड़ी चलाने, लाल बत्ती का उल्लंघन करने, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने और तेज गति से गाड़ी चलाने के मामलों में, संबंधित व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया जाएगा और कम से कम तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है।
यदि वाहनों को नाबालिगों या अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा चलाया जाता हुआ पाया जाता है, तो गाड़ी के पंजीकृत मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की जाएगी। यातायात के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश गुप्ता ने कहा कि पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत व्यवस्था की गई है। गुप्ता ने कहा“होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए, दिल्ली यातायात पुलिस ने एक विस्तृत यातायात प्रबंधन योजना जारी की है। हमारे कर्मचारी लगभग 134 प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेंगे।
प्रमुख क्षेत्रों में कर्मी मौजूद रहेंगे और वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। हमारा प्राथमिक लक्ष्य शराब पीकर वाहन चलाने से रोकना होगा।” उन्होंने कहा कि हेलमेट के बिना गाड़ी चलाने वालों, गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों या खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुप्ता ने कहा, हम यातायात नियमों के उल्लंघनों को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे, और जहां भी उल्लंघन पाए जाएंगे, वहां उचित कार्रवाई की जाएगी। परामर्श में कहा गया है कि पीसीआर वैन और स्थानीय पुलिस टीमें पूरे शहर में नियमों को लागू करने में यातायात कर्मियों की सहायता करेंगी। गुप्ता ने यह भी चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले नियमों के उल्लंघनों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर सोशल मीडिया पर अपलोड की गई वीडियो या फोटो में यातायाता नियमों का उल्लंघन दिखाई देता है, “तो हम उस पर कार्रवाई करेंगे और हम लगातार इसकी निगरानी करते रहेंगे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages