<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, November 27, 2023

लेखक लोकेन्द्र सिंह को 3 दिसंबर को लखनऊ में दिया जाएगा ‘पं. प्रताप नारायण मिश्र युवा साहित्यकार सम्मान-2023’


भोपाल। मध्य प्रदेश के पत्रकार-लेखक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक लोकेन्द्र सिंह को 3 दिसंबर को लखनऊ में ‘पं. प्रताप नारायण मिश्र युवा साहित्यकार सम्मान-2023’ दिया जाएगा। भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से आयोजित 29वें युवा साहित्यकार सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि  उत्तरप्रदेश सरकार के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना हैं। समारोह की अध्यक्षता बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय सिंह करेंगे। यह कार्यक्रम रविवार को माधव सभागार, सरस्वती शिशु मंदिर परिसर, निराला नगर में दोपहर 2:00 बजे से आयोजित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि न्यास विगत 28 वर्षों से अवध प्रांत के जीवनदानी कार्यकर्ता स्व. प्रताप नारायण मिश्र की स्मृति में देश के युवा साहित्यकारों को सम्मानित करता आ रहा है। यह सम्मान प्रेरणास्पद साहित्य-सृजन के लिए दिया जाता है। लेखक लोकेन्द्र सिंह को यह सम्मान ‘पत्रकारिता’ विधा में दिया जा रहा है। वे देशभर के समाचारपत्र-पत्रिकाओं एवं वेबसाइट्स के लिए विभिन्न मुद्दों पर निरंतर लेखन कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के उज्जैन से मोरेश्वर राव उलारे को भी कथा-साहित्य के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है। इनके साथ ही हरियाणा के डॉ. सत्यवान ‘सौरभ’ को काव्य, राजस्थान की मानसी शर्मा को बाल साहित्य, उत्तरप्रदेश के डॉ. बिपिन कुमार झा को संस्कृत और गुजरात के डॉ. केतन कानपरिया को गुजराती भाषा में उल्लेखनीय साहित्य सृजन के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है। इस सम्मान के अंतर्गत 25 हजार रुपये की राशि, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र दिया जाता है।
उल्लेखनीय है कि लेखक लोकेन्द्र सिंह को इसी वर्ष साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश की ओर से ब्लॉग/फेसबुक/नेट पर लेखन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार ‘अखिल भारतीय नारद मुनि पुरस्कार-2021’ भी दिया गया है। अब तक उनकी 13 पुस्तकें प्रकाशित हैं। अभी हाल ही में उनकी पुस्तक ‘हिन्दवी स्वराज्य दर्शन’ प्रकाशित हुई है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के किलों पर केंद्रित यात्रा वृत्तांत है। इसके साथ ही वे हिन्दी ब्लॉगिंग से जुड़े हैं। देश के चुनिंदा ब्लॉगर में उनकी गिनती होती है। कोरोना महामारी के बाद से उन्होंने यूट्यूब पर ‘अपना वीडियो पार्क’ नाम से वीडियो ब्लॉगिंग भी शुरू की है। यहां भी वे कविता और यात्रा वृत्तांत के साथ समसामयिक विषयों पर रोचक जानकारी प्रस्तुत करते हैं।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages